गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्कों के वर्ल्ड रिकॉर्ड तक कौन पहुंचेगा, निकोलस पूरन या सूर्यकुमार यादव?

खेल ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 26 August 2024

नई दिल्ली
वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बैटर निकोलस पूरन जिस रफ्तार से छक्के लगा रहे हैं, ऐसा लगता है कि वह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्कों के वर्ल्ड रिकॉर्ड तक बहुत जल्द पहुंच जाएंगे। फिलहाल यह वर्ल्ड रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। रोहित शर्मा ने 2007 से 2024 के बीच 151 पारियों में कुल 205 टी20 इंटरनेशनल छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के सलामी बैटर रहे मार्टिन गप्टिल हैं, जिन्होंने 2009 से 2022 के बीच कुल 173 छक्के लगाए हैं। तीसरे नंबर पर निकोलस पूरन पहुंच चुके हैं, जो 2016 से लेकर 2024 के बीच अभी तक 89 मैचों में ही कुल 140 छक्के लगा चुके हैं। जिस रेट से पूरन छक्के लगा रहे हैं, ऐसा लग रहा है कि अगले 30-40 टी20 इंटरनेशनल मैचों तक वह रोहित शर्मा से आगे निकल सकते हैं, लेकिन इस मामले में उन्हें टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव से कड़ी टक्कर मिल सकती है।

सूर्यकुमार यादव की बात करें तो उन्होंने 68 पारियों में ही 136 छक्के लगा डाले हैं और टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पांचवें नंबर पर हैं, चौथे नंबर पर इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर हैं, जिन्होंने 114 पारियों में कुल 137 टी20 इंटरनेशनल छक्के लगाए हैं। साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम इन दिनों वेस्टइंडीज के दौरे पर है, जहां तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जा रही है। वेस्टइंडीज ने इस सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उप-विजेता रही साउथ अफ्रीका इस सीरीज में थोड़ी कमजोर नजर आई है। वहीं वेस्टइंडीज ने दोनों मैचों में दमदार प्रदर्शन किया है। निकोलस पूरन की बात करें तो उन्होंने इन दोनों मैचों में मिलाकर कुल आठ छक्के लगा लिए हैं। पहले मैच में पूरन ने सात जबकि दूसरे मैच में उन्होंने एक छक्का लगाया। इस सीरीज के दौरान टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पूरन ने ग्लेन मैक्सवेल (134), सूर्यकुमार यादव (136), जोस बटलर (137) को पीछे छोड़ दिया है।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish