गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

विराट कोहली ने अचानक टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी थी, पूर्व कोच का छलका दर्द, बड़ी भविष्यवाणी भी की

खेल ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 27 August 2024

नई दिल्ली
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 15 जनवरी 2022 को अचानक टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ दी थी। कोहली के फैसले से ना सिर्फ क्रिकेट फैंस बल्कि अनेक पूर्व क्रिकेटर्स भी हैरान रह गए थे। टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर का कोहली द्वारा टेस्ट कप्तानी छोड़ने पर अब दर्द छलका है। बांगर का मानना है कि कोहली को लंबे समय तक टेस्ट टीम की कमान संभालनी चाहिए थी। कोहली का शुमार टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में होता हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 68 टेस्ट मैचों में से 40 में जीत हासिल की। वह बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट मैच जीतने वाले भारतीय प्लेयर हैं।

'मुझे लगता है कि उन्हें लंबे…'
बांगर ने द राव पॉडकास्ट में कहा, ''मेरा व्यक्तिगत तौर पर मानना ​​है कि उन्हें टेस्ट कप्तान के तौर पर लंबे समय तक बने रहना चाहिए था। उन्होंने संभवतः 65 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की है और मुझे लगता है कि उन्हें लंबे समय तक यह जिम्मेदारी संभालनी चाहिए थी।" उन्होंने कहा, "विराट इस बात से प्रेरित थे कि भारत को विदेशों में अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। क्योंकि भारत में हम जानते थे कि चाहे कोई भी हो या नहीं, विपक्षी टीम को यहां मुश्किल होगी। विपक्षी टीम भारत आती हैं तो भारत 75 प्रतिशत जीत रहा होता है। भारत में हारने के लिए आपको वास्तव में खराब खेलना होगा।"

बांगर ने 35 वर्षीय कोहली के फिटनेस के प्रति जुनून के बारे में कहा, ''उन्होंने खुद फिटनेस के उच्च स्तर हासिल किए और अपनी शारीरिक सीमाओं को चुनौती दी। उन्होंने सबसे कठिन परिश्रम किया। मुझे लगता है कि उन्होंने कप्तान के रूप में उस अवधि के दौरान अधिकतम रन बनाए और उनमें वह जज्बा था।" बांगर ने बड़ी भविष्यवाणी करते हुए कहा कि कोहली पांच साल और टेस्ट खेल सकते हैं। उन्होंने कहा, ''खिलाड़ियों का करियर लंबा होता जा रहा है और इस प्रोसेस में अगर भारतीय टीम को फायदा होता है तो इससे बढ़िया कुछ नहीं हो सकता। विराट के मामले में भी यह उनके शरीर पर निर्भर करता है। आखिरी फॉर्मेट जिसे वह छोड़ेंगे, वो टेस्ट क्रिकेट होगा। इसलिए मुझे यकीन है कि आप विराट को अगले पांच साल तक टेस्ट क्रिकेट खेलते देखेंगे।"

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish