रविवार, 13 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

सरल और पारदर्शी रही आवेदन प्रक्रिया

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 12 February 2026

पीएम सूर्य घर योजना से सिलफिली के मनोज विश्वास ने सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल में बचत की और स्वच्छ ऊर्जा अपनाकर लोगों को प्रेरित किया।

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर – मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ के सिलफिली निवासी श्री मनोज विश्वास ने अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाकर न केवल बिजली खर्च में बड़ी बचत की है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। हर माह बढ़ते बिजली बिल से परेशान मनोज विश्वास ने केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी मिलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया।

मनोज विश्वास बताते हैं कि पहले उन्हें हर महीने भारी बिजली बिल चुकाना पड़ता था, लेकिन अब सोलर पैनल लगने के बाद उनका बिजली खर्च लगभग समाप्त हो गया है। साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर ग्रिड के माध्यम से बिजली कंपनी को बिजली भेजकर उन्हें क्रेडिट का लाभ भी मिल रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और परिवार पर अनावश्यक खर्च का बोझ भी कम हुआ है।

उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह सरल और पारदर्शी रही। ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन करने के बाद डिस्कॉम की तकनीकी टीम द्वारा सर्वे किया गया और निर्धारित समय में सोलर पैनल इंस्टॉल कर दिया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें केंद्र सरकार से सब्सिडी का सीधा लाभ उनके बैंक खाते में प्राप्त हुआ।

मनोज विश्वास का कहना है कि सोलर ऊर्जा केवल आर्थिक बचत ही नहीं करती, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है। कोयला आधारित बिजली उत्पादन से होने वाले प्रदूषण को कम करने में सौर ऊर्जा बेहद उपयोगी है। उन्होंने आसपास के लोगों को भी अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया है।

स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने भी मनोज विश्वास के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य हर घर को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराना है। रायपुर जिले में लगातार लोग इस योजना से जुड़ रहे हैं और छतों पर सोलर पैनल लगाकर आत्मनिर्भर ऊर्जा उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में सोलर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता को देखते हुए अधिकारी मानते हैं कि आने वाले समय में सिलफिली सहित आसपास के गांवों में बड़ी संख्या में परिवार पीएम सूर्य घर योजना से लाभान्वित होंगे। इससे न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि राज्य के हरित ऊर्जा लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

मनोज विश्वास ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपने स्तर पर सौर ऊर्जा को अपनाएं तो देश ऊर्जा आत्मनिर्भर बन सकता है। उनका यह प्रयास आज पूरे सिलफिली क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और वे वास्तव में पीएम सूर्य घर योजना के सफल लाभार्थी और प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version