रविवार, 13 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

खरोरा में कांग्रेस का जोरदार थाना घेराव

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 23 January 2026

खरोरा में कांग्रेस का थाना घेराव, बलात्कार, बाल श्रम, अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ प्रदर्शन, एसपी को ज्ञापन, सात दिन में कार्रवाई की चेतावनी।

रायपुर ग्रामीण / खरोरा। खरोरा थाना क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, महिलाओं और बालिकाओं की असुरक्षा तथा अपराधियों को कथित संरक्षण देने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण द्वारा मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खरोरा थाना का घेराव कर पुलिस अधीक्षक रायपुर के नाम विस्तृत ज्ञापन सौंपा और सात दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई की चेतावनी दी।

इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत संगठनात्मक गतिविधियों से हुई। निवर्तमान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री सौरभ मिश्रा का कार्यकाल पूर्ण होने पर उनका सम्मान किया गया। इसके बाद खरोरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री अश्वनी वर्मा एवं मंडल के पांचों मंडल अध्यक्षों का पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खनिज निगम के पूर्व अध्यक्ष श्री गिरीश देवांगन, पूर्व राज्यसभा सांसद श्रीमती छाया वर्मा, पूर्व विधायक श्रीमती अनीता शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री उधो वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती डोमेश्वरी वर्मा, नगर निगम पार्षद श्री जयंत साहू, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष श्री अंकित वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में खरोरा थाना पहुंचे और भाजपा सरकार तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाना परिसर का घेराव किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सट्टा, जुआ, अवैध शराब, बाल श्रम और यौन अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगों में पिकरिडीह स्थित मोजो मशरूम फैक्ट्री क्षेत्र में नाबालिग से बलात्कार की घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी, फैक्ट्री में बाल श्रम पर तत्काल रोक, अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टेबाजी पर साइबर सेल के माध्यम से नियंत्रण तथा थानों में व्याप्त भ्रष्टाचार की विजिलेंस जांच शामिल हैं।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता गृह मंत्री विजय शर्मा के बंगले का घेराव करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, ओबीसी कांग्रेस, नगर पंचायत प्रतिनिधि और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version