स्व. प्रकाश कौर होरा की स्मृति में होरा परिवार ने रायपुर की गंगा कुष्ठ बस्ती में भोजन और कंबल बांटकर मानवता की मिसाल पेश की।
रायपुर। मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए शहर के प्रतिष्ठित होरा परिवार ने स्वर्गीय प्रकाश कौर होरा की स्मृति में पंडरी स्थित गंगा कुष्ठ बस्ती में कंबल वितरण एवं लंगर का आयोजन किया। इस भावपूर्ण सेवा कार्यक्रम में कुष्ठ पीड़ितों को न केवल भोजन कराया गया, बल्कि सर्दी से बचाव के लिए कंबल भी वितरित किए गए।
हाल ही में देवेंद्र नगर निवासी स्व. प्रकाश कौर होरा के निधन के बाद होरा परिवार ने उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के उद्देश्य से यह सामाजिक पहल की। कार्यक्रम के दौरान होरा परिवार के मुखिया दलेर सिंह होरा एवं गुरुचरण सिंह होरा स्वयं गंगा कुष्ठ बस्ती पहुंचे और वहां निवासरत परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने बस्ती परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
होरा परिवार द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की बस्ती के पदाधिकारियों और कुष्ठ पीड़ित परिवारों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्व. प्रकाश कौर होरा वर्षों से कुष्ठ पीड़ितों के प्रति स्नेह, सेवा और सहयोग की भावना रखती थीं। उनके जीवनकाल में भी बस्ती के लोगों को नियमित रूप से भोजन, कपड़े, बर्तन, स्वेटर और अन्य आवश्यक सामग्री का सहयोग मिलता रहा।
मीडिया से चर्चा के दौरान कुष्ठ पीड़ित हेमिन बघेल एवं भैरव राणा ने बताया कि हर वर्ष बस्ती के लोग स्व. प्रकाश कौर होरा के देवेंद्र नगर स्थित निवास पर जाकर सहयोग प्राप्त करते थे। उनके निधन की सूचना से सभी कुष्ठ पीड़ित परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने स्व. प्रकाश कौर होरा को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर होरा परिवार ने कहा कि स्व. प्रकाश कौर होरा का जीवन सादगी, करुणा और सेवा से प्रेरित रहा। उनकी स्मृति में आगे भी सामाजिक और मानवसेवा से जुड़े कार्य निरंतर जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों को सहारा मिल सके और समाज में संवेदनशीलता बनी रहे।


अपनी प्रतिक्रिया दें Cancel reply