शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

राजस्थान-बूंदी के झरने से 150 फीट गहरी खाई में गिरा युवक, तलाश रही एसडीआरएफ टीम

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 18 August 2024

बूंदी.

जिले के धार्मिक एवं पिकनिक स्थल भीमलत महादेव में एक युवक झरने में नहाते समय 150 फीट गहरी पानी की खाई में गिर गया। लोगों ने युवक के चिल्लाने की आवाज सुनी और उसे गिरते हुए देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सदर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम का रेस्क्यू अभियान अभी जारी है।

सदर थानाधिकारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से कुंड में युवक के गिरने की सूचना मिलने मौके पर पहुंचे थे, जहां झरने के ऊपर एक बैग, मोबाइल, चाबी और जूते मिले हैं। बैग के अंदर एक फार्म मिला है, जिसमें मंगाल पंचायत के लाखा की झोपड़ीया निवासी दीपू कुमार मीणा का नाम लिखा हुआ था, साथ ही इस पर फोटो भी लगा है। पुलिस ने फार्म पर लिखे मोबाइल नंबर पर घटना के बारे में सूचना दी है। गौरतलब है कि इन दिनों बारिश के चलते झरना ऊफान पर बह रहा है, जिसके चलते एसडीआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया है, जो युवक को कुंड में तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक ऊपर पानी के पास घूम रहा था कि अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गहरे कुंड में गिर गया। घटना के बाद भीमलत झरने के नीचे जाने वाली सीढ़ियों को रेस्क्यू तक बंद कर दिया गया है। हाड़ौती क्षेत्र में प्राकृतिक सौंदर्य और झरने को लेकर भीमलत महादेव काफी प्रसिद्ध है। जहां हर वर्ष सावन और मानसून के दौरान हजारों लोग आते हैं, यहां भीमलत बांध से बहकर आने वाला पानी इस स्थान पर झरने का रूप ले लेता है। बूंदी में लगातार हुई बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की थी कि नदी, नालों और झरनों से दूर रहें लेकिन लोगों ने इसे नजरअंदाज किया और यह हादसा हो गया। गौरतलब है कि पिछले दिनों रामेश्वर महादेव मंदिर में भी पत्थर का बड़ा मलबा गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish