गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

पार्वती नदी के पुल पर पानी के बहाव के बीच निकाली यात्री बस

मध्य प्रदेश ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 16 August 2024

 श्योपुर

मध्यप्रदेश के श्योपुर में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. इसी बीच, कई स्थानों पर लोग अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए जोखिम उठाने से भी बाज नहीं आ रहे. इसी का ताजा उदाहरण श्योपुर- बारां मार्ग पर बने पार्वती नदी के पुल पर देखने को मिला है, जहां बारिश से उफने नदी के पुल को पार करने एक प्राइवेट बस के ड्राइवर ने बड़ी लापरवाही बरत यात्रियों की जान खतरे में डाल दी. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा यह वीडियो मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा रेखा पर बहने वाली पार्वती नदी के कुहांजापुर पुल का है, जहां बारां से श्योपुर आ रही एक प्राइवेट  बस को ड्राइवर ने उफनती नदी के पुल से पार करा दिया. यदि जरा सी चूक हो जाती तो बस में सवार यात्रियों के साथ कोई भी अनहोनी हो सकती थी. बस ड्राइवर की बड़ी लापरवाही को पुल पर खड़े एक राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर वीडियो वायरल कर दिया.  

रोंगटे खड़े कर देने वाले इस वीडियो में आप साफ तौर पर देख सकते हैं कि किस तरह पुल के किनारे खड़ी यात्रियों से भरी नीले रंग की बस और एक कार पुल पर 2 फीट पानी होने के बावजूद पुल पार करती नजर आ रही है. पुल के किनारे खड़े कुछ लोग पूरे वाकए को लेकर आपस में बातचीत कर चीख भी रहे हैं. बस तेज बहाव के बीच धीरे-धीरे दूसरे किनारे तक पहुंच जाती है और उसके पीछे पीछे एक कार भी पुल के बहाव से दूसरे किनारे पहुंच जाती है. गनीमत रही कि बस हादसे का शिकार होने से बाल बाल बच गई. लेकिन इस तरह की लापरवाही सामने आने से पुलिस प्रशासन के सुरक्षा इंतजामात की पोल भी खुल रही है.

बड़ौदा थाने के टीआई सत्यम गुर्जर ने बताया कि बस राजस्थान बॉर्डर से पुल पार कर निकली है. हमारी सीमा में तो बेरिकेट लगा कर पुलिस जवान तैनात कर रखे हैं. मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish