गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

लुसाने डायमंड लीग में सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहे नीरज चोपड़ा

खेल ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 23 August 2024

लुसाने
भाला फेंक के स्टार भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा फिटनेस संबंधी चिंताओं के बावजूद यहां डायमंड लीग एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अपने आखिरी प्रयास में 89.49 मीटर का सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दूसरे स्थान पर रहे। पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाला यह 26 वर्षीय खिलाड़ी चौथे दौर तक चौथे स्थान पर चल रहा था। उन्होंने पांचवें प्रयास में 85.58 मीटर भाला फेंका। नीरज ने हालांकि अपना सर्वश्रेष्ठ आखिरी प्रयास के लिए बचा रखा था। गुरुवार को खेली गई इस पर प्रतियोगिता में नीरज ने अंतिम प्रयास में 89.49 मीटर भाला फेंका जो पेरिस ओलंपिक के 89.45 मीटर से थोड़ा बेहतर है।

नीरज पर छठे प्रयास से पहले बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था लेकिन पांचवें प्रयास में बेहतर प्रदर्शन से वह मुकाबले में बने रहे। पहले पांच प्रयास में शीर्ष तीन पर रहने वाले खिलाड़ियों को ही अंतिम प्रयास में भाग लेने की अनुमति मिलती है। दो बार के विश्व चैंपियन और पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स दूसरे दौर में 90.61 मीटर के प्रयास के साथ पहले स्थान पर रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने 87.08 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

नीरज ने बाद में कहा, ‘‘शुरू में अच्छा महसूस नहीं हो रहा था लेकिन मैं अपने थ्रो से खुश हूं, खासकर अपने आखिरी प्रयास में दूसरा (करियर का) सर्वश्रेष्ठ थ्रो करके। शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही लेकिन मैं वापसी करने में सफल रहा। मुझे खुशी है कि मैंने आखिर तक हार नहीं मानी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भले ही मेरा शुरुआती थ्रो 80-83 मीटर के आसपास था लेकिन आखिरी दो प्रयासों में दमदार प्रदर्शन करने में सफल रहा। इस तरह की शीर्ष प्रतियोगिता में मानसिक रूप से मजबूत रहना और अपना जज्बा बनाए रखना महत्वपूर्ण होता है।’’

पिछले साल से फॉर्म में वापसी करने के लिए प्रयासरत पीटर्स यहां शुरू से लेकर आखिर तक पहले स्थान पर बने रहे। उन्होंने 90 मीटर की दूरी पार करके अपना पहला स्थान सुनिश्चित कर दिया था। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 93.07 मीटर है जो उन्होंने 2022 में हासिल किया था। चोपड़ा यहां दूसरे स्थान पर रहने के बाद डायमंड लीग की तालिका में 15 अंक लेकर वेबर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं। पीटर्स 21 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। गुरुवार को यहां 82.03 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहने वाले चेक गणराज्य के जैकब वाडलेज्च 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने पेरिस में 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ चोपड़ा को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने हालांकि यहां डायमंड लीग प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया। चोपड़ा पिछले कुछ समय से कमर की चोट से परेशान रहे हैं जिसकी उन्हें सर्जरी करानी पड़ सकती है। उन्होंने हालांकि इस पर फैसला स्थापित करके इस प्रतियोगिता में भाग लिया था।

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish