खरोरा पुलिस ने 1008 पौवा अवैध शराब, स्कूटी और नकदी के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई की।
रायपुर। थाना खरोरा पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1008 पौवा अवैध शराब, एक स्कूटी और नकद बिक्री रकम सहित करीब 1 लाख 30 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। मामला आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक रायपुर श्रीमती श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर छापा
पुलिस को 26 जनवरी 2026 को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना मिली कि ग्राम सारागांव निवासी हालेश्वर साहू और चन्द्रशेखर साहू अपने चाचा मोहन साहू के ब्यारा में भारी मात्रा में अवैध शराब डम्प कर ग्राहकों की तलाश में बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए थाना खरोरा पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
छापे के दौरान दोनों आरोपियों को मौके पर ही अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में वे शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
1008 पौवा शराब बरामद
पुलिस ने विभिन्न बोरियों से कुल 1008 पौवा देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 181 लीटर 440 मिलीलीटर आंकी गई। जब्त शराब में देशी मदिरा मसाला शोले, मसाला शेरा, गोवा स्पेशल और गोल्डन गोवा स्पेशल व्हिस्की शामिल है। शराब की अनुमानित कीमत 1,11,360 रुपये बताई गई, जबकि बिक्री की नकद रकम 19,100 रुपये भी जब्त की गई।
तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि खरोरा निवासी अजय धीवर स्कूटी क्रमांक CG 04 HQ 2794 से अवैध शराब लाकर उन्हें सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने अजय धीवर को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी स्कूटी को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- हालेश्वर कुमार साहू (28 वर्ष), ग्राम सारागांव
- चन्द्रशेखर साहू (21 वर्ष), ग्राम सारागांव
- अजय धीवर (21 वर्ष), वार्ड क्रमांक 10, खरोरा
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा।


अपनी प्रतिक्रिया दें Cancel reply