रविवार, 13 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

सिंगरौली की घटना में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश: यादव

मध्य प्रदेश ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 3 September 2024

भोपाल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य के सिंगरौली में एक आदिवासी किसान पर कुछ आरोपियों द्वारा कथित तौर पर ट्रैक्टर चढ़ा कर उसकी हत्या करने के मामले में कहा कि आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ यादव ने कल देर रात एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, 'सिंगरौली जिले अंतर्गत एक गांव में निवासरत आदिवासी किसान भाई की ट्रैक्टर से हत्या करने का मामला सामने आया है जो बेहद दुःखद और गंभीर है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। मैंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तुरंत जांच के आदेश दिए थे और आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही करने के आदेश दिए है। मध्यप्रदेश में कानून का राज है और इस तरह के अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।'

इसके पहले कल इस मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया था। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा था कि मध्यप्रदेश में अंतहीन हो चुके आदिवासी उत्पीड़न की एक और सनसनीखेज घटना अब सिंगरौली से सामने आयी है। गन्नई गांव के गरीब आदिवासी इंद्रपाल अगरिया पर रेत माफियाओं ने इसलिए ट्रैक्टर चढ़ा दिया, क्योंकि उसने अपनी फसल पर ट्रैक्टर चढ़ाने से मना किया। इस घटना के आरोपी राज्य में सत्तारूढ़ दल भाजपा से जुड़े हुए हैं और इलाके में सालों से अवैध उत्खनन कर रहे हैं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इन्हें संरक्षण कौन और क्यों दे रहा है, यह इलाके का हर व्यक्ति जानता है।

वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर आरोप लगाते हुए कहा कि सिंगरौली के देवसर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक के समर्थकों ने एक आदिवासी युवक को इसलिए कुचल दिया, क्योंकि उसने इनका विरोध किया था।

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version