गुरु घासीदास जयंती पर गरियाबंद में विधायक देवेंद्र यादव का ऐतिहासिक स्वागत, राजिम से शहर तक जनसैलाब, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी से गूंजा इलाका।
गरियाबंद। संत शिरोमणि गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर गरियाबंद जिले में राजनीति और जनभावनाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। भिलाई विधायक एवं प्रदेश के चर्चित यूथ आइकॉन देवेंद्र यादव के गरियाबंद आगमन पर राजिम से लेकर गरियाबंद शहर तक ऐसा जनसैलाब उमड़ा, जिसने इस स्वागत को ऐतिहासिक बना दिया। जिले की सीमाओं में प्रवेश करते ही ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी, फूल-मालाओं और नारों के बीच देवेंद्र यादव का भव्य अभिनंदन किया गया।
राजिम से गरियाबंद तक हर गांव, हर चौक और प्रमुख मार्ग पर कांग्रेस कार्यकर्ता, युवा और आमजन अपने लोकप्रिय नेता की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आए। जगह-जगह “देवेंद्र यादव जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा। युवाओं में उनके प्रति जबरदस्त आकर्षण और विश्वास साफ झलक रहा था।
रायपुर रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोरदार अभिनंदन
गरियाबंद के रायपुर रोड मेन रोड पर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आबिद ढेबर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक देवेंद्र यादव का भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से लदे देवेंद्र यादव का काफिला जब यहां पहुंचा, तो पूरा क्षेत्र उत्सव में बदल गया। इसके बाद विधायक देवेंद्र यादव, आबिद ढेबर के कार्यालय पहुंचे और कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की।
आबिद ढेबर ने कहा कि देवेंद्र यादव आज प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। गरियाबंद में मिला यह अपार जनसमर्थन जनता के भरोसे और प्रेम का प्रतीक है। गुरु घासीदास जी के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य कांग्रेस और देवेंद्र यादव जैसे नेता कर रहे हैं।
तिरंगा चौक पर सतनामी समाज का पारंपरिक सम्मान
तिरंगा चौक पर सतनामी समाज द्वारा विधायक देवेंद्र यादव का पारंपरिक और गरिमामय स्वागत किया गया। समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने उन्हें गुरु घासीदास जी के विचारों को आत्मसात करने वाला जनप्रतिनिधि बताते हुए सम्मानित किया। यह दृश्य सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देता नजर आया।
भूतेश्वरनाथ चौक पर मंचीय सम्मान
भूतेश्वरनाथ चौक पर पार्षद संदीप सरकार के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विधायक देवेंद्र यादव को गजमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पूरा इलाका उत्सव स्थल में तब्दील हो गया।
पार्षद संदीप सरकार ने कहा कि देवेंद्र यादव सिर्फ विधायक नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के यूथ आइकॉन हैं। उनकी सोच, संघर्ष और जनता से सीधा जुड़ाव ही उन्हें विशेष बनाता है।
पार्षद छगन यादव के नेतृत्व में भव्य स्वागत
वहीं पार्षद छगन यादव ने अपने पूरे दल-बल और समर्थकों के साथ विधायक देवेंद्र यादव का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में उनके साथ फोटो खिंचवाने और मिलने की होड़ लगी रही। छगन यादव ने कहा कि देवेंद्र यादव ने हमेशा युवाओं, आम जनता और वंचित वर्ग की आवाज मजबूती से उठाई है। गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर उनका गरियाबंद आगमन हम सभी के लिए गौरव की बात है।
देवेंद्र यादव का संदेश— समानता और सामाजिक न्याय
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र यादव ने विशाल जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु घासीदास जी का संदेश समानता, सत्य और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाता है। आज के समय में उनके विचारों को अपनाकर ही समाज को मजबूत और संगठित बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलने और सामाजिक एकता को और सुदृढ़ करने का आह्वान किया।


अपनी प्रतिक्रिया दें Cancel reply