रामलला प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर रायपुर में ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने पूजा-अर्चना की और भव्य भंडारे का आयोजन किया।
रायपुर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। 22 जनवरी को राम भक्तों ने इसे एक पर्व की तरह मनाया। शहर के विभिन्न राम मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, वहीं कई स्थानों पर भव्य भंडारे और शोभायात्राओं के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की।
इसी क्रम में रायपुर के पंडरी स्थित ग्रैंड विजन मुख्यालय में ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा के नेतृत्व में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। श्री होरा ने विधिविधान से भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि तथा राष्ट्र की उन्नति की कामना की। पूजा के उपरांत उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और भंडारे का शुभारंभ किया।
इस आयोजन में ग्रैंड विजन, ग्रैंड न्यूज़ और ग्रैंड ब्रॉडबैंड से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे परिसर में भक्ति संगीत, मंत्रोच्चार और “जय श्रीराम” के जयकारों से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने अनुशासन के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
गुरुचरण सिंह होरा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होना देश के इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक भी है। श्री होरा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य का आदर्श प्रस्तुत करता है, जिसे आज की पीढ़ी को अपनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के अवसर पर पूरे देश में जिस तरह भंडारे, लंगर और सेवा कार्य हो रहे हैं, वह भारतीय परंपरा की महानता को दर्शाता है। सेवा और समर्पण ही राम भक्ति का सच्चा स्वरूप है। इस पावन अवसर पर उन्होंने सभी प्रदेशवासियों और राम भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में ग्रैंड विजन और ग्रैंड न्यूज़ के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान श्रीराम के चरणों में नमन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
पूरे रायपुर शहर में इस दिन धार्मिक उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन संध्या और शोभायात्राओं के माध्यम से श्रद्धालुओं ने प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ को यादगार बनाया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त करता नजर आया।


अपनी प्रतिक्रिया दें Cancel reply