शनिवार, 12 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

कोहरे का कहर, दिल्ली-हैदराबाद फ्लाइटों का शेड्यूल बिगड़ा

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 17 December 2025

घने कोहरे के कारण रायपुर से दिल्ली और हैदराबाद की कई फ्लाइटें लेट और रद्द हुईं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रायपुर। उत्तर भारत में घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ नजर आने लगा है। राजधानी रायपुर से दिल्ली और हैदराबाद जाने वाली कई उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया है, जबकि कुछ फ्लाइटों को रद्द भी करना पड़ा। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात से ही दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते विजिबिलिटी बेहद कम हो गई।

रायपुर एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, दिल्ली जाने वाली सुबह की कई फ्लाइटें तय समय से घंटों देरी से रवाना हुईं, जबकि कुछ उड़ानों को तकनीकी और मौसम संबंधी कारणों से कैंसिल करना पड़ा। हैदराबाद रूट की फ्लाइटों पर भी कोहरे का अप्रत्यक्ष असर देखने को मिला, क्योंकि दिल्ली और अन्य हवाई अड्डों पर विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिससे कनेक्टिंग फ्लाइटों का शेड्यूल गड़बड़ा गया।

फ्लाइट कैंसिल और लेट होने की वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करते नजर आए। कुछ यात्रियों ने एयरलाइंस पर समय पर सूचना नहीं देने का आरोप भी लगाया। हालांकि एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि यात्रियों को मौसम की स्थिति को देखते हुए पहले ही अलर्ट किया गया था और जहां संभव हुआ, वहां रिफंड या री-शेड्यूल की सुविधा दी गई।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में घने कोहरे की संभावना जताई है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी हवाई सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें।

एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों के मौसम में कोहरा हवाई यातायात के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। विजिबिलिटी कम होने पर टेकऑफ और लैंडिंग में दिक्कत आती है, जिससे सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइटों को रोका या रद्द किया जाता है।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version