गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों के नाम पर विचार-विमर्श के लिए चर्चा की

देश ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 23 August 2024

नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों के नाम पर विचार-विमर्श के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर पार्टी की एक उच्चस्तरीय बैठक हो रही है जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद हैं। बैठक में जम्मू कश्मीर भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं के साथ एक-एक सीट पर उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया जा रहा है।

जेपी नड्डा और अमित शाह के अलावा इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बी.एल. संतोष, जम्मू कश्मीर के दोनों चुनाव प्रभारी राम माधव, केंद्रीय मंत्री तथा जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट से सांसद जितेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री जी.किशन रेड्डी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, जम्मू-कश्मीर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, प्रदेश संगठन महासचिव अशोक कौल, जुगल किशोर शर्मा और देवेंद्र राणा सहित जम्मू-कश्मीर भाजपा कोर ग्रुप में शामिल अन्य कई अहम नेता मौजूद हैं।

बैठक में जम्मू कश्मीर की विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा कर एक अंतिम सूची बनाने की कोशिश की जाएगी। इस सूची को अंतिम मंजूरी के लिए रविवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की अध्यक्षता और पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा।

इससे पहले, हाल ही में जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रभारी बनाए गए राम माधव ने भी शुक्रवार सुबह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर उनके साथ लंबी बैठक की थी। बताया जा रहा है कि कई घंटे तक चली उस बैठक में जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक हालात, राजनीतिक समीकरण, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया और चुनाव बाद बनने वाले हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों नेताओं की इस बैठक के दौरान जम्मू-कश्मीर के प्रदेश संगठन महासचिव अशोक कौल भी मौजूद रहे।

जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा का चुनाव होना है। राज्य में जिन 24 सीटों पर 18 सितंबर को मतदान होना है, उन सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 27 अगस्त है। वहीं, 25 सितंबर को दूसरे चरण के तहत मतदान वाली 26 सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 5 सितंबर है। तीसरे चरण के तहत राज्य की जिन 40 विधानसभा सीटों पर 1 अक्टूबर को मतदान होना है, उन पर नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर है।

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish