गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

भारत के खिलाफ श्रृंखला को देखते हुए कमिंस ने लिया आठ सप्ताह का ब्रेक

खेल ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 18 August 2024

मेलबर्न
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने इस साल के आखिर में भारत के खिलाफ प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए होने वाली पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला को ध्यान में रखते हुए आठ सप्ताह का ब्रेक लिया है।

कमिंस अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट में भाग लेने के बाद हाल में ऑस्ट्रेलिया लौटे हैं। ऑस्ट्रेलिया में गर्मियों के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए उन्होंने खुद को तरोताजा रखने के लिए विश्राम करने का फैसला किया है। इस कारण उन्हें इंग्लैंड के सीमित ओवरों के दौरे के लिए टीम में नहीं चुना गया है।

फॉक्स स्पोर्ट्स ने कमिंस के हवाले से कहा, ‘‘ब्रेक के बाद वापसी करने पर हर कोई तरोताजा महसूस करता है। आपको इसका कभी अफसोस नहीं होता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं लगभग 18 महीने पहले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से लगातार गेंदबाजी कर रहा हूं। इस ब्रेक से मुझे सात या आठ सप्ताह तक आराम करने का समय मिल जाएगा। इसके बाद मैं तरोताजा होकर गर्मियों के लिए तैयारी शुरू कर सकता हूं।’’

ऑस्ट्रेलिया ने 2017 के बाद से बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी नहीं जीती है और कमिंस यह श्रृंखला जीतने के लिए बेताब हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने अभी तक यहां ट्रॉफी नहीं जीती है। यह एक ऐसी ट्रॉफी है जिसे अभी तक हमारी टीम के कई खिलाड़ी नहीं जीत पाए हैं। गर्मियों में हमारा लक्ष्य इसे जीतना होगा। भारत की टीम वास्तव में बहुत अच्छी है। हम एक दूसरे के खिलाफ काफी क्रिकेट खेलते हैं और एक दूसरे को अच्छी तरह से समझते हैं लेकिन मुझे लगता है कि इस बार हम ट्रॉफी जीतने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।’’

कमिंस फिलहाल टी20 क्रिकेट छोड़ने के मूड में नहीं हैं और उन्हें उम्मीद है कि वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया को स्वर्ण पदक जीतने में मदद करेंगे। क्रिकेट को ओलंपिक खेल 2028 में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ओलंपिक को लेकर हर कोई उत्साहित है। मैं भी उसका हिस्सा बनना चाहता हूं। मैं तब तक लगभग 35 साल का हो जाऊंगा और उम्मीद है कि मैं टीम का हिस्सा रहूंगा।’’

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish