रायपुर के संत जोसेफ महागिरजाघर में 21 दिसंबर को क्रिसमस रैली, प्रभु यीशु मसीह के संदेश, भाईचारे और शांति के साथ होगा भव्य आयोजन।
रायपुर। संत जोसेफ महागिरजाघर (चर्च), बैनर बाजार रायपुर में आगामी क्रिसमस पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पल्ली पुरोहित एवं पल्ली परिषद अध्यक्ष रेव्ह फादर जॉन जेवियर की अध्यक्षता में पल्ली परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पवित्र क्रिसमस रैली का आयोजन रविवार, 21 दिसंबर को किया जाएगा।
संत जोसेफ महागिरजाघर के प्रशासनिक कार्य एवं मीडिया (पीआरओ) प्रभारी गुरविंदर सिंह चडडा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रैली प्रभु यीशु मसीह के जन्म उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। क्रिसमस रैली सुबह 10 बजे महागिरजाघर परिसर से प्रारंभ होगी। रैली में प्रभु यीशु मसीह के जन्म की चरनी झांकी, पारंपरिक गीत, मांदर-ढोल की धुनों के साथ सांता क्लॉज और ईसाई समुदाय के लोग शामिल होंगे।
रैली का मार्ग महागिरजाघर से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन, पेंशन बाड़ा चौक, टैगोर चौक, मदर टेरेसा आश्रम चौक, संत कंवर चौक, नेताजी चौक, कबीर चौक, ओसीएम चौक, महिला पुलिस थाना चौक होते हुए पुनः बैनर बाजार स्थित महागिरजाघर में समाप्त होगा। इस दौरान आपसी भाईचारा, मानव प्रेम, विश्व शांति और प्रभु यीशु मसीह के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
रैली के समापन के बाद सभी समुदायों के लोगों के लिए प्रीति भोज का आयोजन भी किया गया है, जहां लोग एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं देंगे और खुशियां साझा करेंगे।
बैठक में 24 दिसंबर की रात को होने वाली पवित्र मिस्सा बलिदान पूजा विधि, 25 दिसंबर को दिनभर प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव पर सजी विशाल चरनी दर्शन व्यवस्था, तथा नववर्ष 2026 के आगमन पर होने वाली रात्रि की पवित्र मिस्सा पूजा विधि पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इन सभी धार्मिक आयोजनों में कैथोलिक ईसाई समुदाय के आर्चबिशप परम श्रद्धेय डॉ. रेव्ह विक्टर हेगरी ठाकुर मुख्य याजक के रूप में पवित्र पूजा संपन्न कराएंगे।
गुरविंदर सिंह चडडा ने बताया कि क्रिसमस शोभायात्रा के आयोजन हेतु शासन एवं प्रशासन से अनुमति प्राप्त हो चुकी है। इसके लिए संत जोसेफ महागिरजाघर एवं संत फ्रांसिस जेवियर चर्च की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया है।
पल्ली परिषद के सदस्यों ने समाज के प्रत्येक परिवार से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस पवित्र क्रिसमस रैली में शामिल होकर प्रभु यीशु मसीह द्वारा बताए गए मानव प्रेम, सेवा और शांति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सहभागी बनें।
बैठक में रेव्ह फादर जॉन जेवियर, फादर जोसेफ एंथोनी, सचिव सिल्वेस्टर एक्का, निकोलस सिंह, बसंत तिर्की, समीर कुजुर, जॉर्ज डेनियल, संजय मिंज, अजय लकड़ा, सुनील जोयल, बेसिल तिग्गा, प्रदीप तिर्की, विनोद खलखो, नूतन तिर्की, इंदु लकड़ा, प्रियंका केरकेट्टा, सुनिता राइट, विक्टोरिया मिंज, असुनता एक्का, सफीरा एक्का सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।


अपनी प्रतिक्रिया दें Cancel reply