शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

बिहार-मोतिहारी में जन्मदिन पार्टी में छात्रा से दुष्कर्म, सहेली के भाई ने नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर की दरिंदगी

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 24 August 2024

मोतिहारी.

मोतिहारी जिले के तुरकौलिया थानाक्षेत्र में सहेली की जन्मदिन पार्टी में गई छात्रा को नशीली कोल्ड ड्रिंक देकर उससे दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को सहेली के बड़े भाई ने अंजाम दिया है। इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने महिला थानाध्यक्ष कीर्तिका कुमारी को आरोपी भाई और बहन को गिरफ्तार करने का निर्देश जारी किया है। हालांकि घटना को लेकर हो रही तरह-तरह की चर्चाओं के बीच आरोपी भाई और बहन भूमिगत हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, गांव में ही 10वीं की छात्रा (16) अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में शामिल होने उसके घर गई थी। यहां उक्त सहेली के बड़े भाई की उस पर नीयत बिगड़ गई। उसके बाद उसने कोल्ड ड्रिंक में छात्रा को नशा मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद उसे चक्कर आने लगे। तब उसकी सहेली उसको अपने कमरे में आराम कराने ले गई। इस दौरान सहेली के बड़े भाई ने छात्रा से दुष्कर्म किया। साथ ही उसका वीडियो भी बना लिया। जब उसे होश आया तो आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो को इंटरनेट और सोशल मीडिया पर प्रसारित कर देने की धमकी भी दी। घटना के पांच दिन बाद उसके द्वारा प्रसारित वीडियो छात्रा के पिता को मिला। इसके बाद कोहराम मच गया। पीड़िता के बयान पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने छात्रा का बयान लेने के बाद उसका स्वास्थ्य परीक्षण भी करा लिया है। इस मामले में भाई और उसकी बहन को आरोपी बनाया गया है। एसपी ने महिला थानाध्यक्ष कीर्तिका कुमारी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। टीम इनको गिरफ्तार करने के लिए छापामारी कर रही है।
तुरकौलिया थानाक्षेत्र की इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। हालांकि पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने इस अमानवीय और निंदनीय कृत्य को अंजाम देने वाले भाई और बहन को गिरफ्तार करने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है। आरोपियों के ऊपर पुलिस स्पीडी ट्रायल चलाएगी।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish