शनिवार, 31 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

बिहार-मुजफ्फरपुर में बहुजन समाज अध्यक्ष सहित 16 गिरफ्तार, नाबालिग हत्याकांड में माहौल बिगाड़ने का आरोप

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 20 August 2024

मुजफ्फरपुर.

मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में समर्थकों को लेकर पहुंचे बहुजन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोल्डन दास सहित 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गोल्डन दास पर माहौल बिगाड़ने के दर्जनों आरोप हैं। हालांकि इस मामले में गिरफ्तार किए सभी लोगों पर गांव में घुसकर जमकर उत्पात मचाने, लूटपाट करने और लोगों के घर में घुसकर लूट मचाने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस पर भी हमला किया था, जिसके बाद कार्रवाई कर पकड़ा गया है। पुलिस ने इस मामले में 38 मोटरसाइकिलें और एक लग्जरी कार जब्त की है।

‘पूरी प्लानिंग के साथ में पहुंचा था मुजफ्फरपुर’
पुलिस ने बताया कि पारू थानाक्षेत्र में रविवार शाम को बहुजन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोल्डन दास ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर पूरे गांव में जमकर उत्पात मचाया था। इस दौरान पूरे गांव में घुस कर लोगों के साथ मारपीट करके सामानों को लूट लिया गया था। इसके साथ ही ग्रामीणों के साथ विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज कर माहौल को खराब करने की कोशिश की गई। उसके बाद ग्रामीणों के द्वारा इसका विरोध कर मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उपद्रव कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने और भी उपद्रव करते हुए पुलिस टीम पर भी हमला बोल दिया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इसके बाद मामले की जानकारी जिले के वरीय अधिकारियों को दी गई। उसके बाद मौके पर पहुंची कई थानों की टीम ने कार्रवाई कर गोल्डन दास सहित 16 लोगों को हिरासत में ले लिया। फिर मिले साक्ष्य और अन्य जानकारी के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।

‘माहौल खराब करने का किया था प्रयास’
मामले की जानकारी देते हुए SSP राकेश कुमार ने बताया कि कल पारु थानाक्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की हुई हत्या के बाद पुलिस कार्रवाई के विरोध में और नाबालिग बच्चों के परिजनों को न्याय दिलाने के नाम पर एक कथित नेता और बहुजन आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोल्डन दास को पकड़ा गया है। इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उपद्रव मचाने वाले अन्य 16 लोगों को पकड़ा है। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजे जाने की कवायद की जा रही है।

‘पीड़िता को न्याय दिलाने के नाम की रकम की उगाही’
पुलिस ने अपनी जांच में बताया कि कथित नेता गोल्डन दास द्वारा बीते कई दिनों से एक वाट्सएप ग्रुप बनाकर लोगों से पैसे की उगाही की जा रही थी। यही नहीं बल्कि क्यू आर कोड को अलग-अलग जिलों में भेज कर पारु थानाक्षेत्र में घटित घटना में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और हर संभव मदद करने की भी बात का प्रचार-प्रसार किया गया था। इसके एवज में 67 हजार रुपये को जमा किया था। इस बात का खुलासा मुजफ्फरपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और DIU ने किया है। उसके बाद इस मामले में आरोपी ने खुद इस बात को स्वीकार किया है और उपद्रव मचाने और माहौल को खराब करने के लिए जिम्मेदार माना है। अब सभी को जेल भेजा जा रहा है।

‘पार्टी अवैध, नहीं मिला कोई रजिस्ट्रेशन, होगी सख्त करवाई’
SSP राकेश कुमार ने इस मामले में बताया कि गोल्डन दास की पार्टी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं है। इसका भीम आर्मी की पार्टी से कोई लेना-देना नहीं। भीम आर्मी की पार्टी के लोगों ने गोल्डन दास से खुद का किनारा किया है और बताया कि हमारी पार्टी को भी बदनाम करने की कोशिश की गई। इस मामले में मुख्य आरोपी गोल्डन दास सहित सभी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish