गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

खरोरा नगर पंचायत ने भव्यता से मनाया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस,जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दिखाया योग के प्रति समर्पण

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 21 June 2025

खरोरा में नगर पंचायत द्वारा 11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भव्यता से मनाया गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, नागरिक, और शिक्षकगणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

खरोरा(रिपोर्ट: सूरज सोनी)। नगर पंचायत खरोरा के तत्वावधान में 11वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इस वर्ष विशेष भव्यता और उल्लास के साथ नगर के मंगल भवन में संपन्न हुआ। इस आयोजन में नगर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, कर्मचारियों और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सोनी तथा वर्तमान अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी ने भी अपनी उपस्थिति देकर योगाभ्यास किया और नागरिकों को नियमित योग की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना और योग के लाभों को जन-जन तक पहुँचाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। शुभारंभ ओंकार मंत्र के उच्चारण से हुआ जिससे वातावरण आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।

इस योग आयोजन में नगर पंचायत के लगभग सभी पार्षद उपस्थित रहे। योग शिक्षकों के रूप में आमंत्रित सूरज सोनी और राजेश चौहान ने विभिन्न योगासनों का सजीव प्रदर्शन कर योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवनशैली है जो व्यक्ति को संतुलन, अनुशासन और स्वास्थ्य प्रदान करता है।

नगर पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होरी सिंह ठाकुर भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में स्वास्थ्य चेतना बढ़ती है और लोग अपनी दिनचर्या में योग को अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।

कार्यक्रम में नगर के सम्मानित नागरिकों में नेतराम धीवर, सुरेश साहू, आशा राम, पूना राम ठाकुर, पार्षदगण जयप्रकाश वर्मा, पूनम उपाध्याय, रमन मरकाम, पंच राम यादव, उपाध्यक्ष सुमित सेन, तथा नगर पंचायत के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

विशेष रूप से शांति सरोवर खरोरा से दीदी और उनकी सहयोगी बहनों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और योग के साथ मानसिक शांति और आत्मसाक्षात्कार की महत्ता पर प्रकाश डाला।

योग सत्र का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया, जिससे कार्यक्रम में एक शांतिपूर्ण और पूर्णता का भाव उत्पन्न हुआ। इसके पश्चात नगर पंचायत की ओर से सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

योग शिक्षकों सूरज सोनी एवं राजेश चौहान को नगर पंचायत की ओर से शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके योगदान और सेवा के प्रति आभार प्रकट करने का प्रतीक था।

कार्यक्रम में नागरिकों ने इस बात पर बल दिया कि योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अंग बनाया जाए। नगर पंचायत खरोरा ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट कर दिया कि वह न केवल विकास कार्यों में अग्रणी है, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और आत्मिक विकास की दिशा में भी कटिबद्ध है।


संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version
मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish