रविवार, 13 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

गरियाबंद के दो खिलाड़ी राष्ट्रीय हैंडबॉल में चयनित

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 20 January 2026

सिलीगुड़ी में होने वाले ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर में गरियाबंद के मनीष चंद्राकर और दर्शना यादव छत्तीसगढ़ टीम से राष्ट्रीय मंच पर खेलेंगे।


सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल)। देशभर के प्रतिभाशाली पुलिस खिलाड़ियों के बीच आयोजित होने जा रही “द्वितीय ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2025-26” प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को गरियाबंद जिले के दो होनहार खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व मिलने जा रहा है। यह प्रतियोगिता सशस्त्र सीमा बल (SSB) के तत्वावधान में 19 से 23 फरवरी 2026 तक सिलीगुड़ी में आयोजित होगी, जिसमें पुरुष वर्ग की 28 और महिला वर्ग की 14 टीमें हिस्सा लेंगी।

छत्तीसगढ़ पुलिस हैंडबॉल टीम में गरियाबंद जिले से आरक्षक मनीष चंद्राकर (थाना फिंगेश्वर) और आरक्षक दर्शना यादव (थाना अजाक) का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी वर्तमान में गरियाबंद पुलिस में सेवाएं दे रहे हैं और लंबे समय से हैंडबॉल खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते आ रहे हैं। इस उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

आरक्षक मनीष चंद्राकर पुलिस खेलों में लगातार चार बार हिस्सा ले चुके हैं और लगभग 30 राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके अनुभव, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस पुरुष टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, आरक्षक दर्शना यादव तीसरी बार पुलिस खेलों में चयनित हुई हैं और पूर्व में भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।

छत्तीसगढ़ टीम का मार्गदर्शन कोच जगमईया राव, प्रमोद रावत और सूरज बहादुर कर रहे हैं। टीम सिलीगुड़ी पहुंचकर अभ्यास सत्र में जुट चुकी है और प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार है।

गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीष और दर्शना अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि गरियाबंद जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गरियाबंद पुलिस बल खेलों के क्षेत्र में भी लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

खिलाड़ियों के चयन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल, एसडीओपी निशा सिन्हा, डीएसपी गरिमा दादर, आरआई सनत दिवान, थाना प्रभारी फिंगेश्वर गौतम गावड़े, थाना प्रभारी अजाक रामू गुर्दे सहित कई अधिकारियों, कोचों और खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह चयन न केवल दोनों खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि गरियाबंद जिला खेल प्रतिभाओं का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। आने वाले दिनों में मनीष चंद्राकर और दर्शना यादव से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *