मंगलवार, 3 नवंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

राजस्थान-हनुमानगढ़ में दहेज प्रताड़ना के आरोपी मां-बेटे गिरफ्तार, 10-10 हजार का था इनाम

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 29 August 2024

हनुमानगढ़.

हनुमानगढ़ की महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में 12 साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। महिला पुलिस थाना प्रभारी कविता पूनिया ने बताया कि 2 मई 2012 को न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर एक केस दर्ज किया गया था।

मामले में परिवादी ने बताया कि उसकी शादी कमलदीप पुत्र मदनलाल अरोड़ा निवासी शालीमार बाग नई दिल्ली के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान कर प्रताड़ित करने लगे। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी एक बार भी थाना या न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद आरोपी कमलदीप पुत्र मदनलाल, सुमन पत्नी मदनलाल और मदनलाल पुत्र खानचंद अरोड़ा के खिलाफ धारा 498ए, 406, 323 भादंसं और धारा 299 सीआरपीसी के तहत कोर्ट में चालान पेश किया गया। न्यायालय की ओर से तीनों आरोपियों के स्थायी वारंट जारी किए गए थे। थाना प्रभारी पूनिया ने बताया कि वर्तमान में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत टीम का गठन किया गया, जिसमें फरार नामजद दस-दस हजार के इनामी अपराधी कमलदीप पुत्र मदनलाल और सुमन पत्नी मदनलाल अरोड़ा को हाल निवासी इन्द्रापुरम गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मदनलाल की मृत्यु हो चुकी है, ऐसे में मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर उनके स्थायी वारंट का निस्तारण कर दिया गया है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी अपना पता बदलकर अन्य जगहों पर निवास कर रहे थे। इनकी गिरफ्तारी में थाने के हेड कांस्टेबल सुखविंद्र सिंह की विशेष भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल सुखविंद्र सिंह के अलावा कांस्टेबल हुकमचंद और द्रौपदी शामिल थे।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish