शनिवार, 31 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

राजस्थान-चित्तौड़गढ़ के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन के रिसाव से मचा हड़कंप, एक्सपर्ट्स ने किए हालात काबू

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 21 August 2024

चित्तौड़गढ़.

जिले के निम्बाहेड़ा नगर पालिका क्षेत्र में स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में धुआं फैलने से लोगों में उल्टी एवं आंखों में जलन की शिकायत के बाद करीब 2 से 3 किलोमीटर क्षेत्र में आबादी को खाली करवाया गया। इसके बाद पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उद्योगों से एक्सपर्ट को बुलाकर गैस रिसाव पर काबू पाया गया।

जानकारी में सामने आया कि जिले की निम्बाहेड़ा नगरपालिका के कासोद इलाके में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस का रिसाव होने लगा, जिससे चारों तरफ धुआं छा गया। देखते ही देखते इसके प्रभाव से लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और आंखों में जलन और उल्टी की शिकायत भी हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर कासोद स्थित विद्यालय को बंद करवाया। साथ ही छोटी सादड़ी मार्ग पर यातायात के आवागमन को बाधित किया गया। गैस के प्रभाव के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी मंडी में पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर पालिकाध्यक्ष सुभाष शारदा, उपखंड अधिकारी विकास पंचोली सहित प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा। विधायक श्रीचंद कृपलानी, पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने भी मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी भी मौके पर पहुंचे। गैस रिसाव पर नियंत्रण के लिए हिंदुस्तान जिंक एवं आसपास से सीमेंट प्लांट से एक्सपर्ट की टीमें बुलाई गईं। इन्होंने दो से तीन घंटे में गैस रिसाव को रोक दिया। बताया गया कि मौके पर कार्य कर रहे नगर पालिका के 2-3 कर्मचारियों को सुरक्षा की दृष्टि से प्रारंभिक जांच के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है, जिनका स्वास्थ्य ठीक है। जिला कलेक्टर आलोक रंजन व पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने निम्बाहेड़ा में ही रुककर प्रभावित लोगों से बात की और इनके लिए भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू किया जा रहा है।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish