शनिवार, 31 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

बिहार-सहरसा में प्रदर्शनकारियों ने रोकी कई ट्रेनें, देरी होने से लाखों यात्री परेशान

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 21 August 2024

सहरसा.

बिहार में भारत बंद का असर रेलवे पर भी देखने को मिला। राज्य के सहरसा जिले में प्रदर्शनकारियों ने कई ट्रेनों को रोक दिया तो कई ट्रेनें विलंब से रवाना हुईं। कचहरी हॉल्ट पर सुपौल से सहरसा आ रही पैसेंजर ट्रेन को प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया, जिसके कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटों से ट्रेन कचहरी हॉल्ट पर ही खड़ी है।

वहीं, यात्री ट्रेन से उतरकर पैदल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। इसके अलावा वैशाली एक्सप्रेस जो सहरसा से दिल्ली जाती है, को वाशिंग पीट और सर्वा ढाला के बीच लगभग आधा घंटा तक रोक दिया गया। इसके कारण राज्यरानी एक्सप्रेस एक घंटा विलंब से पटना के लिए रवाना हुई। शिवपुरी ढाला पर सहरसा से सरायगढ़ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को प्रदर्शनकारियों ने लगभग 15 मिनट तक रोक कर आरक्षण को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद से ही जिला पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ट्रेन के आवागमन को सुचारु करने में जुटे हैं। वहीं, ट्रेन में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लोगों को पैदल जाने में भी परेशानी हो रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन जाने वाले सभी रास्तों को भी प्रदर्शनकारियों ने बाधित कर दिया है, जिसके कारण यात्रियों को पैदल ही स्टेशन की ओर रुख करना उनकी मजबूरी बनी हुई है। शहर के प्रवेश द्वार कहरा कुटी, रिफ्यूजी कॉलोनी, महावीर चौक, तिवारी टोला, डुमरेल चौक पर बांस-बल्ले लगाकर आवागमन बाधित कर दिया गया है। शहर की सभी दुकानें बंद हैं। इसके अलावा सहरसा-दरभंगा मुख्य मार्ग को बलुआहा पुल महिषी के पास सड़क पर आगजनी कर बाधित कर दिया गया। भारत बंद को लेकर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वहीं, स्टेशन पर भी आरपीएफ इंस्पेक्टर वंदना कुमारी सशस्त्र बल के साथ लगातार बंद पर नजर रख रही हैं।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish