रविवार, 13 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

नितिन नबीन बने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 21 January 2026

गरियाबंद में नितिन नबीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर जश्न, आतिशबाजी और मिठाइयाँ बांटी गईं, नेताओं ने इसे संगठन के नवयुग की शुरुआत बताया।

गरियाबंद। भारतीय जनता पार्टी में एक नए युग की शुरुआत हो गई है। बिहार सरकार के मंत्री एवं पूर्व में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी रहे नितिन नबीन को भाजपा का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इस ऐतिहासिक निर्णय से देशभर के कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है।

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की खुशी में गरियाबंद में भाजपा, भाजयुमो और भाजपा महिला मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने तिरंगा चौक पर एकत्र होकर आतिशबाजी की, मिठाइयाँ बांटी और “भाजपा ज़िंदाबाद” तथा “नितिन नबीन ज़िंदाबाद” के नारे लगाए। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने नितिन नबीन को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि उनका संगठनात्मक अनुभव, वैचारिक दृढ़ता और कार्यकर्ताओं से गहरा जुड़ाव पार्टी को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में राष्ट्रसेवा, सुशासन और विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ से गहरा नाता रहा है और उनके प्रभारी रहते हुए पार्टी ने राज्य में कई चुनावी सफलताएँ हासिल की थीं।

भाजपा जिला महामंत्री आशीष शर्मा ने कहा कि यह पूरे देश के कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है कि एक युवा और कर्मठ नेता को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाता है कि संगठन में मेहनत और समर्पण का सम्मान होता है।

भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा ने कहा कि भाजपा आज 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक है, जहाँ बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ता आगे बढ़ता है। नितिन नबीन के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विज़न को नई गति मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष रिखी राम यादव ने इसे देश की राजनीति में सकारात्मक बदलाव का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन जैसे ज़मीनी कार्यकर्ता के नेतृत्व में भाजपा शहरी विकास, स्वच्छता, सुशासन और जनहित के मुद्दों को और मजबूती से आगे बढ़ाएगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित पारख ने कहा कि नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाइयाँ खिलाकर खुशी साझा की और नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *