गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

कमला हैरिस महान राष्ट्रपति बनेंगी, सभी को उन पर गर्व होगा : डगलस एमहॉफ

अंतराष्ट्रीय ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 22 August 2024

शिकागो
 डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस के पति डगलस एमहॉफ ने कहा कि उनकी पत्नी एक महान राष्ट्रपति बनेंगी, जिन पर पूरे अमेरिका को गर्व होगा।

एमहॉफ (59) ने ‘डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन’ में उत्साहित भीड़ को अपना परिचय ‘फर्स्ट-सेकंड जेंटलमैन’ के रूप में कराया। उन्होंने शिकागो में चार दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन अपने परिवार और हैरिस से अपनी मुलाकात के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी एवं उपराष्ट्रपति हैरिस जरूरत पड़ने पर हर समय खड़ी रहती हैं और उन्होंने परिवार के लिए भी ऐसा ही किया है।

एमहॉफ ने कहा, ‘‘और अब जब देश को उनकी जरूरत है तो वह वही दिखा रही हैं जो हम पहले से ही जानते हैं। वह देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।’’

हैरिस के सौतेले बेटे कोल एमहॉफ ने एक वीडियो संदेश में अपने पिता का परिचय कराया। कोल और एमहॉफ की कन्वेंशन में भागीदारी इस बात पर प्रकाश डालती है जिसे हैरिस अक्सर अपने ‘मिश्रित परिवार’ के रूप में वर्णित करती हैं। एमहॉफ ने कहा, ‘‘वह महान राष्ट्रपति साबित होंगी जिन पर हम सभी को गर्व होगा।’’

भारतीय और अफ्रीकी मूल की हैरिस ने इस महीने की शुरुआत में औपचारिक रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल की थी। वह अमेरिका के किसी प्रमुख राजनीतिक दल की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी हैं।

देश के अगले राष्ट्रपति के तौर पर कमला हैरिस को चुनें : बर्नी सैंडर्स ने अमेरिकियों से कहा

 सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने  अमेरिकियों से उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को देश की अगली राष्ट्रपति चुनने का अनुरोध किया।

शिकागो में ‘डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन’ (डीएनसी) में भाषण देते हुए सैंडर्स ने कामकाजी वर्ग के अमेरिकियों के लिए एक प्रगतिशील आर्थिक एजेंडा पेश करने और बड़े पैमाने पर कॉर्पोरेट लालच पर काबू पाने के महत्व के बारे में बात की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसी अर्थव्यवस्था की जरूरत है, जो हम सभी के लिए काम करे, न कि महज अरबपति वर्ग के लालच को पूरा करने के लिए। मेरे साथी अमेरिकियों, हममें से 60 प्रतिशत लोग तनख्वाह पर निर्भर रहते हैं, जबकि शीर्ष एक प्रतिशत लोगों के साथ ऐसा कभी नहीं रहा।’’

सैंडर्स ने कहा, ‘‘ये कुलीन वर्ग हमें बताते हैं कि हमें अमीरों पर कर नहीं लगाना चाहिए, हमें चिकित्सा देखभाल का लाभ दंत चिकित्सा, श्रवण या दृष्टि चिकित्सा तक नहीं बढ़ाना चाहिए और हमें संघर्ष कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा के लाभ नहीं बढ़ाने चाहिए।’’

वर्मोंट से सीनेटर सैंडर्स ने कहा कि डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों पार्टी के अरबपतियों को चुनाव में धनबल का प्रयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘अपने लोकतंत्र की खातिर हमें उच्चतम न्यायालय के विनाशकारी फैसले को पलटना चाहिए और चुनावों के लिए सार्वजनिक वित्त पोषण की ओर बढ़ना चाहिए। हमें सभी को विशेषाधिकार के रूप में नहीं, बल्कि मानवाधिकार के रूप में स्वास्थ्य देखभाल की गारंटी देने की जरूरत है।’’

सैंडर्स ने कहा कि सार्वजनिक शिक्षा को मजबूत करने की जरूरत है, शिक्षकों का वेतन बढ़ाया जाना चाहिए और प्रत्येक अमेरिकी को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए चाहे उसकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो।

उज्ज्वल भविष्य और काली रात में से एक को चुनने का मौका होगा राष्ट्रपति चुनाव: अमेरिकी सांसद शूमर

अमेरिकी सांसद चक शूमर ने कहा कि नवंबर में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाला चुनाव करोड़ों अमेरिकियों के लिए एक उज्ज्वल भविष्य और एक काली रात के बीच में से किसी एक को चुनने का मौका होगा।

शिकागो में आयोजित ‘डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन’ (डीएनसी) के दौरान औपचारिक ‘रोल कॉल’ मतदान में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को सभी डेलीगेट (प्रतिनिधि) के वोट मिले। उसके तुरंत बाद अपने संबोधन में शूमर ने डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं और देशवासियों से कमला को अमेरिका की अगली राष्ट्रपति चुनने और राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को हराने का आह्वान किया।

शूमर ने कहा कि यह सुनिश्चित कीजिए कि डोनाल्ड ट्रंप कभी ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के करीब न पहुंच पाएं। उन्होंने कहा कि कमला को काम पूरा करने के लिए प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में डेमोक्रेटिक पार्टी के बहुमत की जरूरत होगी।

शूमर ने कहा, ‘‘वह यह अकेले नहीं कर सकतीं।’’ उन्होंने कहा,‘‘मैंने यह नीली पट्टी यहूदी-विरोधी भावना के खिलाफ खड़ा होने के लिए, सभी तरह की नफरत के खिलाफ खड़ा होने के लिए बांध रखी हैं। हमारे बच्चे, हमारे पोते-पोतियां, चाहे वे किसी भी जाति के हों, किसी भी धर्म के हों, किसी भी लिंग या पृष्ठभूमि के हों, डोनाल्ड ट्रंप के हिंसक शासन से बेहतर पाने के हकदार हैं।’’

 

 

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish