रविवार, 13 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

रायपुर खेल महोत्सव में गुरुचरण सिंह होरा सम्मानित

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 25 December 2025

रायपुर सांसद खेल महोत्सव में सांसद मनोज तिवारी और बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा को सम्मानित किया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित नेताजी सुभाष स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव (रायपुर) के तीन दिवसीय मेगा फाइनल एवं समापन समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया जा रहा है। समारोह के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा सांसद एवं सुप्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता व सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। साथ ही खेल जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले खेल पदाधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भी मंच पर सम्मान प्राप्त हुआ। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ टेनिस एसोसिएशन के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

गौरतलब है कि गुरुचरण सिंह होरा ने छत्तीसगढ़ में टेनिस और खेल संस्कृति को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने ब्रिक्स गेम्स में टीम इंडिया के मैनेजर के रूप में कार्य कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। वहीं हाल ही में डेविस कप में भारतीय टीम के समन्वयक के रूप में उन्होंने टीम इंडिया का नेतृत्व किया, जहां भारत ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ 3-1 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इसी उपलब्धि के लिए सांसद मनोज तिवारी और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उन्हें मोमेंटो और शाल भेंट कर सम्मानित किया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद गुरुचरण सिंह होरा ने आयोजकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रायपुर खेल महोत्सव जैसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान भी किया।

मुख्य अतिथि बृजमोहन अग्रवाल ने इस भव्य आयोजन के लिए खेल संघों, नगर निगम, जिला प्रशासन, खेल विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन, व्यायाम शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच देना है।

समारोह में विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि सांसद खेल महोत्सव के तहत कुश्ती, खो-खो, शतरंज सहित कुल 13 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं, जिनमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस आयोजन से न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि रायपुर में खेलों को लेकर नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *