शनिवार, 12 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

गरियाबंद: कान्हा क्लब की दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 22 December 2025

गरियाबंद में कान्हा क्लब की ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न, रोमांचक फाइनल में डिस्टिक रायपुर ने SAI रायपुर को हराकर खिताब जीता।

गरियाबंद। कान्हा क्लब गरियाबंद द्वारा आयोजित भव्य दो दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन देर रात रोमांचक और ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। पाँच सेट तक चले इस कड़े संघर्ष में डिस्टिक रायपुर ने शानदार वापसी करते हुए SAI रायपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को भव्य ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत SAI रायपुर के दबदबे के साथ हुई। टीम ने पहले दो सेट जीतकर बढ़त बना ली, लेकिन इसके बाद डिस्टिक रायपुर ने बेहतरीन संयम, रणनीति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन सेट जीत लिए। अंतिम स्कोर 25-27, 24-26, 25-19, 25-19, 15-6 रहा। निर्णायक सेट में डिस्टिक रायपुर का आत्मविश्वास देखते ही बनता था।

कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों दर्शक देर रात तक मैदान में डटे रहे। हर अंक पर तालियों की गूंज और जयघोष से कान्हा क्लब मैदान उत्सव स्थल में तब्दील हो गया। जैसे ही विजेता की घोषणा हुई, पूरा परिसर उल्लास से भर उठा।

गरिमामयी अतिथियों की उपस्थिति

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने की। विशिष्ट अतिथियों में जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, जिला वॉलीबॉल सचिव हरमेश चवाड़ा, डीएफओ वरुण जैन, थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव, जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष ज्ञानेश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर देती हैं।

सेमीफाइनल मुकाबलों में भी दिखा दम

सेमीफाइनल में डिस्टिक रायपुर ने खेलो इंडिया को 25-15, 25-18 से पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में SAI रायपुर ने कवर्धा को 25-20, 25-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

व्यक्तिगत पुरस्कार

  • सर्वश्रेष्ठ लिफ्टर: हर्ष दुबे (SAI रायपुर)
  • सर्वश्रेष्ठ ब्लॉकर: जगदीश (रायपुर जिला)
  • सर्वश्रेष्ठ अटैकर: उवैश (कवर्धा)
  • सर्वश्रेष्ठ लिबरो: चंद (खेलो इंडिया)
  • बेस्ट कमेंट्री अवार्ड: इमरान मेमन

राष्ट्रीय स्तर के रेफरी

सभी मुकाबले राष्ट्रीय स्तर के रेफरी प्रदीप यादव, मधुसूदन और ऋतु राज की देखरेख में संपन्न हुए, जिससे प्रतियोगिता की निष्पक्षता और गुणवत्ता बनी रही।

अतिथियों के विचार

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार ने कहा कि गरियाबंद जैसे जिले में इस स्तर की प्रतियोगिता सराहनीय है। ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व सिखाते हैं।
पूर्व नपा अध्यक्ष गफ्फू मेमन ने इसे गरियाबंद के खेल इतिहास का यादगार आयोजन बताया।
जिला वॉलीबॉल सचिव हरमेश चवाड़ा ने कहा कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को उच्च स्तर का अनुभव मिला और जिले में वॉलीबॉल को नई पहचान मिली है।

भाग लेने वाली टीमें

इस प्रतियोगिता में रायपुर जिला, SAI रायपुर, कवर्धा, कोरबा, खेलो इंडिया, किरनापुर (मप्र), गरियाबंद पुलिस, आमदी, गांधी क्लब गरियाबंद, मालगांव और कान्हा क्लब सहित कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया।

कान्हा क्लब की यह प्रतियोगिता न केवल खेल भावना का उत्सव रही, बल्कि गरियाबंद को प्रदेश के खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने में भी सफल रही।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *