रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन किया, जिसमें देशभर की 16 टीमें और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ राज्य व्हॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा 3 फरवरी से 8 फरवरी तक आयोजित की जा रही है।
इस चैंपियनशिप में देशभर की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व अंतरराष्ट्रीय मंच पर किया है। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। रेलवे, सर्विसेस और इंडियन यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न राज्यों की टीमें इस टूर्नामेंट में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
उद्घाटन मुकाबला भी देखा मुख्यमंत्री ने
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय उद्घाटन के पश्चात स्टेडियम में ही रुके और तमिलनाडु तथा सर्विसेस के बीच खेले गए उद्घाटन मुकाबले को पूरा देखा। रोमांचक और कांटे के इस मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। मैच समाप्त होने के बाद ही मुख्यमंत्री स्टेडियम से रवाना हुए। इस अवसर पर विधायक श्री सुनील सोनी भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों का किया स्वागत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आए सभी खिलाड़ियों का वे हार्दिक स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि व्हॉलीबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि टीमवर्क, सहयोग और समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी इस खेल के माध्यम से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
अधोसंरचना और प्रशिक्षण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करें। इसके लिए प्रदेश में खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं को लगातार सशक्त किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के मनोबल और प्रोत्साहन को बढ़ाने के उद्देश्य से वर्षों से बंद पड़े राज्य खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही ओलंपिक खेलों में राज्य के किसी खिलाड़ी की भागीदारी होने पर शासन की ओर से 21 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
पदक विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ रुपए तथा कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की एक नई पहचान अब देश और दुनिया के सामने उभर रही है।
बस्तर ओलंपिक का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से राज्य में बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। पहले वर्ष इसमें करीब एक लाख 65 हजार प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या लगभग चार लाख तक पहुंच गई। यह राज्य में खेल संस्कृति के बढ़ते विस्तार का प्रमाण है।
आयोजन की जानकारी
छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण में प्रतियोगिता की रूपरेखा और आयोजन से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संस्थानों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में गणमान्यजन रहे उपस्थित
उद्घाटन समारोह में रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव श्री विक्रम सिसोदिया, भारतीय व्हॉलीबॉल संघ के महासचिव श्री रामानंद चौधरी, मध्यप्रदेश व्हॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष श्री रूद्रप्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ व्हॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव श्री हेमप्रकाश नायक, रायपुर नगर निगम के सभापति श्री सूर्यकांत राठौर, श्री राहुल कौशिक, श्री विनोद नायर सहित विभिन्न राज्यों और संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
इन राज्यों की टीमें ले रही हैं हिस्सा
रायपुर में आयोजित 37वीं फेडरेशन कप व्हॉलीबॉल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़ की टीमें भाग ले रही हैं। वहीं महिला वर्ग में रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक ऊंचा हो गया है।





अपनी प्रतिक्रिया दें