गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

‘सिंहस्थ-2028’ के लिए कुंभ की तर्ज पर सर्वोत्तम कार्यप्रणाली अपनाएगी मप्र सरकार: मुख्यमंत्री यादव

मध्य प्रदेश ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 9 January 2025

भोपाल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि 2028 में उज्जैन में होने वाले ‘सिंहस्थ मेले’ के दौरान मध्यप्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और हरिद्वार में कुंभ की तर्ज पर सर्वोत्तम कार्यप्रणाली को अपनाएगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा कि प्रयागराज में आगामी कुंभ के समापन के बाद, भीड़ प्रबंधन, ड्रोन सर्वेक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग और अन्य गतिविधियों में लगी कंपनियों एवं स्टार्टअप्स का एक सम्मेलन उज्जैन में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ‘सिंहस्थ मेले’ के लिए बुनियादी ढांचे से संबंधित कार्यों सहित तैयारियों की समीक्षा की।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। इससे पहले, 2021 में उत्तराखंड के हरिद्वार शहर में कुंभ मेला आयोजित किया गया था। यादव ने कहा कि ‘सिंहस्थ-2028’ की व्यवस्थाओं को सर्वोत्तम रूप देने के लिए प्रयागराज और हरिद्वार में कुंभ के मॉडल का भी अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘सिंहस्थ-2028 में दोनों कुंभों की तर्ज पर सर्वोत्तम कार्यप्रणाली को लागू करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी।’’

यादव ने अधिकारियों को सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे के साथ समन्वय के उद्देश्य से एक विशेष प्रकोष्ठ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के घाटों तक सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त पहुंच मार्ग विकसित किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन, इंदौर और देवास में किए जा रहे निर्माण कार्यों में सीवरेज, स्वच्छता और हरियाली पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पर्यटकों की सुविधा के लिए धर्मशालाओं के उन्नयन के लिए भी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। यादव ने कहा कि ‘सिंहस्थ-2028’ के मद्देनजर विभागों में प्रशासनिक ढांचे का आवश्यकतानुसार तत्काल विस्तार किया जाए।

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish