गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

रायपुर में फैशन का महाकुंभ: सेंट्रल इंडिया 3 का ग्रैंड फिनाले संपन्न,ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा और सेलिब्रिटी गेस्ट नवीना बोले शामिल हुईं

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 23 June 2025

रायपुर में मिस, मिस्टर, मिसेज एंड किड्स सेंट्रल इंडिया 3 के ग्रैंड फिनाले में फैशन, आत्मविश्वास और समावेशिता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में फैशन, ग्लैमर और आत्मविश्वास से भरे रंगारंग आयोजन ने सबका ध्यान खींचा। ट्रिप्स प्रोडक्शन द्वारा आयोजित मिस, मिसेज, मिस्टर एंड किड्स सेंट्रल इंडिया 3 प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 22 जून को शानदार तरीके से संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय आयोजन 21–22 जून तक चला, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस भव्य फिनाले में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव एवं ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा और सेलिब्रिटी गेस्ट मुंबई से अभिनेत्री नवीना बोले (तारक मेहता का उल्टा चश्मा की रिटा रिपोर्टर) शामिल हुईं।

आत्मविश्वास, स्टाइल और प्रतिभा का संगम

प्रतियोगिता में युवाओं, बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने स्टाइलिश कैटवॉक, प्रोफेशनल मेकअप, और डिजाइनर आउटफिट्स के जरिए मंच पर अपनी चमक बिखेरी। रैम्प वॉक के हर राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और आकर्षण से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।

चार श्रेणियों में बंटी इस प्रतियोगिता में इस बार ट्रांसजेंडर प्रतिभागियों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया, जो आयोजन का महत्वपूर्ण और सराहनीय पहलू रहा। इससे यह प्रतियोगिता समावेशिता और समान अवसर का सशक्त उदाहरण बनी।

क्रिएटिव राउंड में दिखी देशभक्ति

फिनाले के दौरान हुए क्रिएटिव राउंड में देशभक्ति की भावना का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। प्रतिभागियों ने देश की विविधता, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम को अपने पहनावे और प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। मंच पर राष्ट्रीयता के रंगों में रचे-बसे इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों की तालियां बटोरीं।

गुरुचरण सिंह होरा ने की प्रतिभाओं की सराहना

मुख्य अतिथि गुरुचरण सिंह होरा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा,

“इस तरह के आयोजनों से युवाओं को आत्मविश्वास मिलता है और वे अपने पसंदीदा करियर जैसे मॉडलिंग और एक्टिंग में कदम बढ़ा सकते हैं। ट्रांसजेंडर प्रतिभागियों को अवसर देना एक स्वागतयोग्य पहल है। मैं आयोजिका तृप्ति राय चौधरी और उनकी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देता हूँ।”

उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के मंच युवाओं के अंदर छिपी प्रतिभा को सामने लाने में मदद करते हैं और समाज में समावेशी सोच को भी प्रोत्साहित करते हैं।

पहली बार छत्तीसगढ़ आईं नवीना बोले हुईं प्रभावित

मुंबई से आईं सेलिब्रिटी गेस्ट नवीना बोले ने छत्तीसगढ़ की सराहना करते हुए कहा,

“मैं पहली बार छत्तीसगढ़ आई हूँ और यहां के युवाओं में गजब का टैलेंट देखा। हर प्रतिभागी में गजब का आत्मविश्वास और प्रस्तुति थी। ट्रांसजेंडर और हर आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी इस आयोजन की खासियत रही।”

नवीना बोले ने मंच पर विजेताओं को सम्मानित करते हुए आयोजन को यादगार और प्रेरणादायक बताया।

आयोजन बना युवाओं के सपनों का मंच

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवा मॉडल्स के लिए यह आयोजन मॉडलिंग और अभिनय क्षेत्र में करियर की शुरुआत का सुनहरा मौका बना। अलग-अलग राउंड्स जैसे ट्रैडिशनल वियर, वेस्टर्न वियर, इंट्रोडक्शन राउंड आदि में प्रतियोगियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को न सिर्फ मंच मिला, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सकारात्मक संदेश भी गया कि सौंदर्य और प्रतिभा की कोई सीमा नहीं होती।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish