सोमवार, 14 सितंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

रायपुर में करोड़ों की जमीन का घोटाला, फर्जी दस्तावेजों से हड़पी संपत्ति – आरोपी बिल्डर मुकेश अग्रवाल फरार

छत्तीसगढ़ ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 12 July 2025

दबंग सूचना स्पेशल रिपोर्ट | क्राइम डेस्क

रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन से जुड़ा एक बड़ा और संगठित फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसमें पुरन्दर प्रमोटर एंड डेवलेपर्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक मुकेश अग्रवाल और उसके पिता सुरेश अग्रवाल के खिलाफ आजाद चौक थाने में IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा आपराधिक कृत्य) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस इनकी तलाश में दबिश दे रही है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता प्रकाश और अन्य पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि रायपुर के ग्राम सड्डू स्थित बहुमूल्य कृषि भूमि (खसरा नंबर 214, 215, 216) को 2017 में मुकेश और सुरेश अग्रवाल ने संयुक्त विकास परियोजना के नाम पर कब्जे में ले लिया। आरोप है कि अग्रवाल पिता-पुत्र ने खुद को बिल्डर बताकर एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट में साझेदारी का सपना दिखाया और 8 जून 2018 को एक कथित इकरारनामा बनवाकर पीड़ितों से करीब 2.7 करोड़ रुपये की राशि अलग-अलग किश्तों में वसूल ली।

ना निर्माण, ना वादा निभा – फिर भी कब्जा!

2021 तक जब कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ तो पीड़ितों ने सौदा रद्द कर दिया और अपनी रकम भी वापस ले ली। इसके बावजूद मुकेश अग्रवाल ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उक्त जमीन को अपनी परियोजना ‘Palm Bellazio’ के लिए नगर निगम रायपुर में बंधक के रूप में प्रस्तुत कर दिया।

फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों की कूटरचना

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जमीन का न तो कोई वैध विक्रय विलेख हुआ और न ही संबंधित पक्षों की सहमति ली गई। बावजूद इसके 25 जुलाई और 16 सितंबर 2022 को फर्जी विक्रय दस्तावेज नगर निगम में जमा कर जमीन को प्रोजेक्ट में शामिल किया गया। मामले में जाली हस्ताक्षर, फर्जी दस्तावेज और आपराधिक साजिश के गंभीर आरोप लगे हैं।

आदतन अपराधी, पहले भी कर चुका धोखाधड़ी

शिकायत में यह सनसनीखेज खुलासा भी किया गया है कि मुकेश अग्रवाल पहले भी रायपुर के ग्राम रींवा (तहसील मंदिरहसौद) में कई भोले-भाले किसानों की जमीन हड़प चुका है। इतना ही नहीं, अत्याचार और कानूनी लड़ाई से तंग आकर कुछ पीड़ितों ने आत्महत्या तक कर ली थी। सूत्रों के अनुसार, अग्रवाल पर पहले से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और कई मामलों में उसकी जमानत भी खारिज हो चुकी है।

पुलिस जांच में जुटी, अन्य पीड़ित भी आ सकते हैं सामने

आजाद चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, Palm Bellazio प्रोजेक्ट में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं, जिनकी जमीनें या पैसे ठगी का शिकार हुए हैं।

दबंग सूचना इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। आम नागरिकों से अपील है कि अगर किसी को इस परियोजना या संबंधित बिल्डर से जुड़ी धोखाधड़ी का अनुभव हो, तो वे तत्काल पुलिस या हमारी टीम से संपर्क करें।


रिपोर्टर: Javed Ali
पोर्टल: दबंग सूचना क्राइम डेस्क

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *