खरोरा में नाबालिग की हत्या मामले में आरोपी साहिल धीवर को महाराष्ट्र से गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग के शक में की गई थी निर्मम हत्या।
खरोरा। थाना खरोरा क्षेत्रांतर्गत ग्राम बेल्दार सिवनी में हुई नाबालिग युवती की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल धीवर को महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और दोपहिया वाहन को भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने प्रेम प्रसंग के शक में हत्या करना स्वीकार किया है।
घटना का खुलासा
दिनांक 27 जून 2025 को थाना खरोरा में सूचना मिली कि ग्राम बेल्दार सिवनी तोर्रा तालाब के पास खेत में एक युवती का शव पड़ा है। मृतका की पहचान मुस्कान धीवर के रूप में हुई। सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना खरोरा पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मृतिका की चाकू से गोदकर और सिर पर पत्थर पटककर हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 427/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) श्री संदीप मित्तल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय और थाना प्रभारी खरोरा निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मृतका के परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच तेज़ की गई।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में घटना के दिन एक दोपहिया वाहन पर मृतिका के साथ एक युवक जाता हुआ दिखाई दिया। परिजनों से पूछताछ में युवक की पहचान बलौदाबाजार निवासी साहिल धीवर (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी घटना के बाद से फरार था।
तकनीकी ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस को साहिल धीवर की लोकेशन गोंदिया, महाराष्ट्र में मिली। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम को महाराष्ट्र भेजा गया, जहां से आरोपी को गोंदिया से गिरफ्तार किया गया।
प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी साहिल धीवर ने बताया कि वह मृतिका से प्रेम करता था, लेकिन उसे शक था कि मृतिका का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध है। इसी शक के चलते उसने हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया। उसने मृतिका के साथ खेत में जाकर चाकू से हमला किया और बाद में सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।
जब्ती और कानूनी कार्रवाई
आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और दोपहिया वाहन बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना खरोरा में विधिवत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यवाही में निरीक्षक दीपक पासवान, प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, सउनि गेंदुराम नवरंग, प्रआर कृपासिंधु पटेल, आरक्षक अमित कुमार, धनंजय गोस्वामी, प्रकाश पात्रे, संजय मरकाम, उनि सुरेन्द्र मिश्रा, आरक्षक गजानंद ध्रुववंशी आदि शामिल रहे।
पुलिस ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
