गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

डार्सी ब्राउन की टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में वापसी, जोनासेन बाहर

खेल ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 26 August 2024

सिडनी
पांव की चोट से उबर चुकी तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन को सोमवार को महिला टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया, लेकिन अनुभवी स्पिनर जेस जोनासेन मौजूदा चैंपियन की टीम में जगह बनाने में असफल रही। पैर की चोट के कारण मार्च में बांग्लादेश दौरे से हटने वाली ब्राउन अब पूरी तरह से फिट हैं। उनके अलावा एक अन्य तेज गेंदबाज तायला व्लामिनक को भी टीम में शामिल किया गया है।

चयनसमिति के अध्यक्ष शॉन फ्लेगलर ने कहा, ‘‘तायला और डार्सी की तेज़ गेंदबाजी जोड़ी को हम पिछले कुछ समय से टीम में शामिल करना चाहते थे और हमारी टीम में यह वास्तविक अंतर है।’’ ऑस्ट्रेलिया की निगाह लगातार चौथे टी20 खिताब जीतने पर है। उसकी टीम की अगुवाई एलिसा हीली करेंगी, जबकि तीन अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात में शुरू होने वाले टूर्नामेंट में ताहलिया मैकग्रा उपकप्तान की भूमिका निभाएगी।

फ्लेगलर ने कहा,‘‘यह पहली बार है जबकि एलिसा विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम की बागडोर संभालेगी। इतने बड़े टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करना निश्चित तौर पर उनके लिए रोमांचक होगा।’’ बाएं हाथ की स्पिनर जोनासेन को टीम में जगह नहीं मिली है जबकि हाल में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह 2012 में अपने पदार्पण के बाद पहली बार टी20 विश्व कप में भाग नहीं ले पाएंगी। वह इस दौरान पांच बार विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा रही। टी20 विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टी20 मैच खेलेगा।

टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम इस प्रकार है :
एलिसा हीली (कप्तान), ताहलिया मैकग्रा (उप-कप्तान), डार्सी ब्राउन, एशले गार्डनर, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, सोफी मोलिनक्स, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगन शुट्ट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वेयरहैम, तायला व्लामिनक।

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish