गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

पाकिस्तान को हराकर इस स्थान पर पहुंचा बांग्लादेश, इंग्लैंड को भी हुआ फायदा, शीर्ष पर भारत

खेल ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 26 August 2024

रावलपिंडी
पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ बांग्लादेश की टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में जबरदस्त फायदा हुआ है। दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में बांग्लादेश ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 10 विकेट से जीत के साथ अंक तालिका में छठा स्थान हासिल कर लिया। वहीं, इंग्लैंड भी श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ लंबी छलांग लगाने में कामयाब हुआ है।

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराया
रावलपिंडी में खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हरा दिया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने पहली पारी में छह विकेट पर 448 रन बनाकर पारी घोषित की थी। जवाब में बांग्लादेश ने 565 रन बनाए और 117 रन की बढ़त हासिल की। बांग्लादेश ने दूसरी पारी में पाकिस्तान को 146 रन पर समेट दिया। 30 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश ने 10 विकेट रहते हासिल कर लिया।

बांग्लादेश को हुआ जीत का फायदा
इस जीत के साथ बांग्लादेश की टीम छठे पायदान पर पहुंच गई। उनका अंक प्रतिशत 40 का हो गया है। वहीं, बांग्लादेश के खाते में 24 अंक हो गए हैं। इससे पहले टीम आठवें स्थान पर थी। वहीं, पाकिस्तान की टीम को इस हार से नुकसान झेलना पड़ा है। टीम सातवें पायदान से आठवें स्थान पर खिसक गई। उनके खाते में 22 अंक हैं और अंक प्रतिशत 30.56 का है।

अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा इंग्लैंड
दूसरी तरफ श्रीलंका के खिलाफ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने पांच विकेट से जीत के साथ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में लंबी छलांग लगाई है। ओली पोप की अगुवाई वाली टीम ने श्रीलंका को हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस चक्र में इंग्लैंड की 14 टेस्ट मैचों में सातवीं जीत है। इससे उनके खाते में 69 अंक हो गए हैं और उनका अंक प्रतिशत 41.07 हो गया है। इंग्लैंड की टीम अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के लिए दावेदारी पेश कर दी है। इससे पहले टीम छठे पायदान पर थी।

भारत शीर्ष पर बरकरार
भारत और गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया क्रमशः 68.5 और 62.5 अंकों के साथ शीर्ष दो पर बरकरार हैं। भारतीय टीम को सितंबर में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला 19 सितंबर से चेन्नई में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच 27 सितंबर से कानपुर में खेला जाएगा। इसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नवंबर में पांच मैचों की प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेली जाएगी।

 

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish