रविवार, 1 नवंबर 2026
ताज़ा खबर
Advertisement

दोबारा सरकार बनी तो प्रत्येक परिवार को सालाना एक लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी: हेमंत सोरेन

राज्य ✍ Raja Shakti Raj Singh 🕐 24 August 2024

हजारीबाग
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने के पहले बड़ा ऐलान किया है। शनिवार को हजारीबाग में मईया सम्मान योजना के तहत महिलाओं के खाते में रकम ट्रांसफर करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि राज्य में दोबारा हमारी सरकार बनी तो प्रत्येक परिवार को सालाना एक लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि डीबीटी स्कीम के तहत सीधे खाते में पहुंचेगी।हजारीबाग के नगवां हवाई अड्डा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में सोरेन ने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के छह जिलों — हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह की 13 लाख 81 हजार से ज्यादा महिलाओं के खाते में एक-एक हजार की रकम ट्रांसफर की।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य के कमजोर परिवारों को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत 21 से 40 साल तक की 45 लाख महिलाओं को जहां सालाना 12 हजार रुपए की मदद पहुंचाई जा रही है, वहीं 50 साल से अधिक उम्र वाले 35 लाख से ज्यादा बुजुर्गों को पेंशन योजना से जोड़ा गया है। सोरेन ने दावा किया कि आज राज्य का शायद ही कोई घर बाकी होगा, जहां तक हमारी किसी न किसी योजना का लाभ नहीं पहुंच रहा हो।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने सेना से लेकर रेल तक और कोल इंडिया से लेकर बैंकों तक में सरकारी नौकरियों में बहाली खत्म कर दी और इनकी पार्टी के लोग हमारी सरकार पर नौकरी न देने का आरोप लगा रहे हैं। हम शिक्षकों, वैज्ञानिकों, वनरक्षियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं। यह सही है कि हमारे राज्य में भी सरकारी नौकरियां सीमित संख्या में हैं, लेकिन जरूरतमंद लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए हमने कई योजनाएं शुरू की हैं।

सोरेन ने कहा कि गुरुजी क्रेडिट कार्ड स्कीम के तहत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए सस्ती दर पर 15 लाख रुपए तक के लोन से लेकर राज्य में निजी विद्यालयों की तर्ज पर 80 मॉडल स्कूल खोलने जैसे कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में लंबे समय तक राज करने वाली भारतीय जनता पार्टी ने पूरे राज्य को बदहाली की ओर धकेल दिया था। हमने व्यवस्था को काफी हद तक पटरी पर लाया है, लेकिन इसमें अभी थोड़ा वक्त और लगेगा। कार्यक्रम में मंत्री बेबी देवी, सत्यानंद भोक्ता और दीपिका पांडेय सिंह के अलावा कई विधायक भी मौजूद रहे।

संबंधित खबरें

अपनी प्रतिक्रिया दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मुफ़्त जन्म कुंडली — MahaJyotish