भिलाई में ब्यूटी कार्निवल और तीज महोत्सव का आयोजन, पूजा यादव बनी तीज क्वीन, टैलेंट राउंड में धमाल, व्रती महिलाओं के लिए करेला वितरण भी
भिलाई (छत्तीसगढ़) : जेके फाउंडेशन, डायमंड क्लब और वनबंधु की मेजबानी में शहर के होटल अमित पार्क में ब्यूटी कार्निवल और तीज महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में पूजा यादव को तीज क्वीन का ताज पहनाया गया, जबकि मोनिका भारद्वाज फर्स्ट रनरअप और पूजा भास्करन सेकंड रनरअप बनीं।
जूरी के रूप में लोक अदालत, दुर्ग की स्थायी सदस्य डॉ. नेहा गुप्ता और छालीवुड अभिनेत्री सारू दुबे मौजूद रहीं। विधायक रिकेश सेन और एचटीसी, भिलाई के डायरेक्टर इंद्रजीत सिंह की मौजूदगी ने इस फैशन कार्निवल को विशेष बनाया। आयोजन की रूपरेखा बिल्डर विष्णु पाठक, राहुल दुबे, जेके फाउंडेशन की संस्थापक टी. जयारेड्डी, वनबंधु चैप्टर अध्यक्ष, एमरल्ड लीडर के शिवराज शुक्ला व रमा शुक्ला तथा असिस्टेंट स्पोर्ट्स डायरेक्टर कल्पना स्वामी ने तैयार की।
टैलेंट राउंड में प्रतिभागियों का जलवा
ब्यूटी कार्निवल में 27 प्रतिभागियों ने रैंप पर फैशन का प्रदर्शन किया। इनमें से 13 प्रतिभागियों का टैलेंट राउंड के लिए चयन किया गया। इस राउंड में प्रतिभागियों ने हिंदी, छत्तीसगढ़ी और तेलुगु फिल्मी गानों पर नृत्य कर दर्शकों का मनोरंजन किया। भरतनाट्यम और संवाद अदायगी ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
तीज पर व्रती महिलाओं के लिए करेला वितरण
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि फैशन कार्निवल के नतीजे चाहे जैसे हों, हमें मिल-जुलकर रहना चाहिए। उन्होंने समय-समय पर धार्मिक, सांस्कृतिक और फैशन शो आयोजित कराने के लिए जेके फाउंडेशन की संस्थापक टी. जयारेड्डी की सराहना की। उन्होंने कहा कि तीज पर करू भात खाकर व्रत शुरू करने वाली महिलाओं के लिए करेला उपलब्ध कराने का प्रयास पिछले 25 वर्षों से कर रहा हूं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की किल्लत न हो।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि आज महिलाएं घर की मेड से लेकर राष्ट्रपति तक समाज और राष्ट्र को संभाल रही हैं। महिला सशक्त होगी तो समाज सशक्त होगा, समाज सशक्त होगा तो राष्ट्र सशक्त होगा। उन्होंने सभी को सेवा भाव रखने और खुश रहने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में नगरवासियों, छात्र-छात्राओं, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों और फैशन प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बच्चों और युवाओं ने भी सक्रियता दिखाते हुए कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाया। आयोजन का समापन फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूकता फैलाने वाले संदेश के साथ हुआ।
